जयपुर, 28 जनवरी । वित्तीय सुगम्यता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईसीएल फिनकॉर्प लिमिटेड ने बुधवार को जयपुर के वैशाली नगर में अपने क्षेत्रीय कार्यालय एवं नई शाखा का भव्य शुभारंभ किया। यह विस्तार कंपनी की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे राजस्थान में ग्राहकों को अधिक तेज़ और व्यक्तिगत वित्तीय सेवाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम में हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंद आचार्य मुख्य अतिथि रहे, जबकि आईपीएस बीजू जॉर्ज जोसफ सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता एडवोकेट के. जी. अनिल कुमार, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, आईसीएल फिनकॉर्प ने की। पूर्णकालिक निदेशक, उपाध्यक्ष एवं सीईओ उमा अनिलकुमार ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्वागत भाषण कार्यकारी निदेशक डॉ. राजश्री अजीत ने दिया, जबकि सतीशन के. पी. (एजीएम—ऑपरेशंस एवं डेवलपमेंट) ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
वैशाली नगर में स्थापित यह क्षेत्रीय कार्यालय राजस्थान के लिए प्राथमिक संचालन केंद्र के रूप में कार्य करेगा। कंपनी अधिकारियों ने जयपुर के बढ़ते आर्थिक और रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए इसे आईसील फिनकॉर्प के विस्तार के लिए प्रमुख बाजार बताया। नए कार्यालय से राज्यभर में सेवा दक्षता और ग्राहक सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
एक भरोसेमंद गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) के रूप में आईसील फिनकॉर्प कम ब्याज दरों पर गोल्ड लोन एवं अन्य वित्तीय सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी वर्तमान में देशभर में 300 से अधिक शाखाओं, 2000 से अधिक कर्मचारियों और 3.5 लाख से अधिक संतुष्ट ग्राहकों के साथ अपनी मजबूत उपस्थिति रखती है।