रामगढ़, 27 जनवरी । जिले में एक जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच फ्रेंडली क्रिकेट मैच का आयोजन सिदो कान्हू स्टेडियम रामगढ़ में किया गया।
डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने टॉस करने के बाद मैच का शुभारंभ किया। टॉस मीडिया प्रतिनिधियों की टीम ने जीता और जिला प्रशासन को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिला प्रशासन की टीम ने 16 ओवर में 125 रन बनाया। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी मीडिया प्रतिनिधि की टीम ने 15 ओवर दो गेंद में 10 विकेट खोकर 96 रन ही बना सकी और जिला प्रशासन की टीम ने 29 रनों से मैच जीत लिया।
दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। जिला प्रशासन की ओर से डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज, एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी ने शानदार बल्लेबाजी की। छावनी परिषद की सीईओ अनंत आकाश और गोपनीय शाखा प्रभारी रवींद्र कुमार गुप्ता ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। मीडिया की टीम ने धर्मेंद्र पटेल, बिरेंद्र कुमार बिरू, अमितेश प्रकाश, अनिल विश्वकर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की।
वहीं विजेता टीम जिला प्रशासन और उपविजेता टीम मीडिया प्रतिनिधि को डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज एवं एसपी अजय कुमार ने शील्ड देकर सम्मानित किया। वहीं खेल के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी गई ।