राष्ट्रीय युवा दिवस पर एबीवीपी ने आयोजित की तीरंदाजी प्रतियोगिता

खूंटी, 12 जनवरी । राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला इकाई की ओर से बिरसा कॉलेज परिसर में एक दिवसीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-12 और जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और खेल प्रेमी शा‍मिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मधुआ मुंडा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में बिरसा कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ चंद्र किशोर भगत उपस्थित थे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में खेल प्रभारी राजकुमार गुप्ता, एबीवीपी प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी, प्रवास पर आईं प्रदेश सह मंत्री संतोषी कुमारी, आर्चरी प्रशिक्षक बसंत, अमेठी विश्वविद्यालय की प्रतिनिधि आराधना मिश्रा और नरेश मौजूद थे।

मौके पर प्रभारी प्राचार्य डॉ चंद्र किशोर भगत ने कहा कि विद्यालय और महाविद्यालय केवल डिग्री देने का केंद्र नहीं हैं, बल्कि ये चरित्र निर्माण और कौशल विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, निष्ठा और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है।

एबीवीपी प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस युवाओं को सकारात्मक दिशा में संगठित करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती ने सदैव क्रांतिकारी युवाओं को जन्म दिया है और खेल, संस्कृति और संगठनात्मक प्रशिक्षण से सशक्त युवा ही समाज व राष्ट्र के भविष्य की नींव रखते हैं।

वहीं खेल प्रभारी राजकुमार गुप्ता ने तीरंदाजी को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए कहा कि इस खेल की ऊर्जा को संगठित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने एबीवीपी के इस प्रयास की सराहना की। प्रतियोगिता के समापन पर अंडर-12 एवं जूनियर वर्ग के सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन के सफल संचालन में परिषद के सुखाराम मुंडा, रोशन और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही। परिषद की ओर से कार्यक्रम में सहयोग देने वाले अभिभावकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।