रामगढ़, 25 जनवरी । शहर में खुले में मांस की बिक्री करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है। रविवार को अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शनिचरा बाजार, नईसराय चौक और कोठार ब्रिज के आसपास खुले में मांस बेच रहे दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी।
अंचल अधिकारी ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे नियमानुसार दुकानों में पर्दा लगाएं तथा चिकन और मटन को ढंककर, ग्राहकों से अलग स्थान पर रखें। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश के आलोक में मांस विक्रेताओं को चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि आगे भी खुले में मांस की बिक्री पाई गई, तो संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा और विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर दुकानें बंद कराई जा सकती हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई से मांस विक्रेताओं में हड़कंप देखा गया, वहीं आम लोगों ने स्वच्छता और नियमों के पालन को लेकर प्रशासन की पहल का स्वागत किया है।———-