एचईसी प्रबंधन कर्मियों को एक माह का दे सकता है वेतन : इंटक

रांची, 24 जनवरी । हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (इंटक) और एचईसी प्रबंधन के बीच शनिवार को एचईसी मुख्यालय में निदेशक (कार्मिक) के साथ बैठक हुई, जिसमें कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में यूनियन के महामंत्री सह इंटक के राष्ट्रीय संगठन सचिव लीलाधर सिंह ने कहा कि इस माह एचईसी कर्मियों के वेतन भुगतान की प्रबल संभावना बनी है। प्रबंधन की ओर से एक माह का वेतन भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया गया है।

उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 के वेतन के साथ कर्मचारियों को पे-स्लिप भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, क्वार्टर आवंटन की प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू करने पर सहमति बनी है। पहले अस्थायी कर्मियों के लिए आवंटन होगा और उसके बाद स्थायी कामगारों के लिए भी क्वार्टर आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

यूनियन को यह भी आश्वासन दिया गया कि जिन कामगारों ने व्यक्तिगत ऋण लिया है, उनकी ईएमआई वेतन भुगतान से पहले सीधे संबंधित बैंक को भेजी जाएगी, ताकि कर्मचारियों को किसी प्रकार की वित्तीय परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, एलआईसी से जुड़े कर्मचारियों के अंतिम सेटलमेंट की प्रक्रिया भी प्रबंधन द्वारा पूरी की जाएगी।

बैठक में सामाजिक दायित्व से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। लीलाधर सिंह ने बताया कि प्रभात तारा स्कूल में अध्ययनरत ऐसे छात्रों को, जिनके पिता का एक वर्ष के भीतर निधन हो गया है, पूर्व की भांति शैक्षणिक शुल्क में रियायत दी जाती रहेगी। इस निर्णय को कर्मचारियों के परिवारों के लिए राहतकारी माना जा रहा है।

प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि कंपनी की आर्थिक स्थिति में आंशिक सुधार होने के बाद कैंटीन का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा। निदेशक (कार्मिक) ने स्पष्ट रूप से कहा कि फिलहाल केंद्र सरकार या बैंकों से किसी अतिरिक्त वित्तीय सहायता की संभावना नहीं है। ऐसे में उत्पादन बढ़ाकर और उत्पादों की बिक्री के माध्यम से ही वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक के दौरान यूनियन की ओर से कई लंबित मांगें भी रखी गईं, जिनमें वेतन का नियमित भुगतान, वर्ष 2018 बैच के कर्मचारियों को प्रोन्नति, ठेका कामगारों के बकाया भुगतान तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। यूनियन ने यह भी जानकारी दी कि 26 जनवरी को कार्यालय परिसर में झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

बैठक में प्रबंधन की ओर से मनोज लकड़ा और देवा देवघरिया उपस्थित थे, जबकि यूनियन की ओर से महामंत्री लीलाधर सिंह के साथ राणाप्रताप सिंह, गिरीश चौहान, राजेन्द्र कान्त महतो सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।————