कोल्हान प्रमंडलीय खोखो चैंपियनशिप-2026 संपन्न, पोटका और संत जीडीएस अकादमी ने मारी बाज़ी

पूर्वी सिंहभूम, 25 जनवरी । जिला खोखो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित कोल्हान प्रमंडलीय खोखो चैंपियनशिप-2026 रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रतियोगिता में अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग में पोटका की टीमों का दबदबा देखा गया।

चैंपियनशिप का उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खोखो न केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ाता है, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और त्वरित निर्णय क्षमता भी विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को सुरक्षित खेल और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

चैंपियनशिप में कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों से चयनित कुल 24 टीमों ने भाग लिया। मुकाबले नॉकआउट पद्धति पर आयोजित किए गए। प्रतियोगिता दो आयु वर्गों—अंडर-14 और अंडर-18—में हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने दमखम और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

परिणामों की बात करें, तो अंडर-14 बालक वर्ग में पोटका की टीम ने डीके स्पोर्ट्स को हरा दिया। प्रतियोगिता में डीके स्पोर्ट्स उपविजेता रहा। अंडर-14 बालिका वर्ग में श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, बागबेड़ा ब्रांच की टीम विजेता बनी और पोटका की टीम को उपविजेता संतोष करना पड़ा। अंडर-18 बालक वर्ग में संत जीडीएस अकादमी ने जीत दर्ज की, जबकि श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर की टीम उपविजेता रही। वहीं अंडर-18 बालिका वर्ग में भी संत जीडीएस अकादमी ने खिताब जीता और होली क्रॉस स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही।

समापन समारोह में केबीके समाजसेवी संगठन के अध्यक्ष श्रवण कुमार, रांची के समाजसेवी ऐरोन और नरेश लाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया।