पीआरसी के सैनिकों ने किया 130 यूनिट रक्तदान

रामगढ़, 23 जनवरी । देश के असली हीरो के रूप में सैनिकों को देखा जाता है। शुक्रवार को देश के इन्हीं असली हीरो ने रक्तदान शिविर में 130 यूनिट रक्तदान किया। झारखंड मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजिस्ट्स एसोसिएशन (जेएमएलटीए) की रामगढ़ इकाई ने सदर अस्पताल रामगढ़ के ब्लड बैंक के साथ सक्रिय सहयोग में एक अनुकरणीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में पंजाब रेजिमेंटल सेंटर के सैनिक भाइयों ने उदारता पूर्वक 130 यूनिट रक्त दान किया, जो राष्ट्र सेवा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का प्रतीक है।

सैनिकों को किया गया सम्मानित

जेएमएलटीए के पदाधिकारियों ने इस पहल को राष्ट्र के वास्तविक हीरो हमारे सैनिकों को सम्मानित करने का माध्यम बनाया। रक्तदान शिविर में सैन्य कर्मियों ने न केवल रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभाई।जेएमएलटीए के संयोजक ने बताया सैनिक भाई राष्ट्र रक्षक हैं और उनका यह दान हमें गर्व से भर देता है। हम इस तरह की पहल को निरंतर जारी रखेंगे।