राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ, उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

पूर्वी सिंहभूम, 01 जनवरी ।

पूर्वी सिंहभूम जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलेवासियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में निदेशक एनईपी, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटर वाहन निरीक्षक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिलेभर में विभिन्न प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जानमाल की होने वाली क्षति को रोका जा सके। सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन इन प्रयासों की सफलता तभी संभव है जब नागरिक स्वयं यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें।

उन्होंने जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत रैली, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता, सघन वाहन जांच सहित कई गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इस अभियान में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और पुलिस विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। ग्रामीण, शहरी और पंचायत स्तर पर विशेष रूप से स्कूल के बच्चों के बीच भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा के प्रति समझ विकसित हो सके और अभियान से जन-जन को जोड़ा जा सके।

जागरूकता रथ के माध्यम से यातायात नियमों के सही अनुपालन से जुड़े दिशा-निर्देशों का ऑडियो क्लिप के जरिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यह रथ पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, दुपहिया वाहन पर दोनों सवारों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और अनावश्यक ओवरटेक से बचने के लिए जागरूक करेगा। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।