राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: बच्चों ने पेंटिंग के ज़रिये दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

रांची, 27 जनवरी । राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के 27वें दिन रांची उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को रिलेशंस के सहयोग से सड़क सुरक्षा विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करना था।

इस अवसर पर बरियातू स्थित हिल टॉप पब्लिक स्कूल और एमएम हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा छठी से दसवीं तक के छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। बच्चों ने पेंटिंग के ज़रिये सड़क दुर्घटनाओं के कारण, हेलमेट के उपयोग, सीट बेल्ट की अनिवार्यता और ज़ेब्रा क्रॉसिंग के महत्व जैसे संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता के परिणामों की बात करें, तो हिल टॉप पब्लिक स्कूल में सोनाली सोन बेसरा ने प्रथम, अनीषा खान ने द्वितीय और निखिल लोहारा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं एमएम हाई स्कूल में गुंजन कुमारी ने प्रथम और अनीषा परवीन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। यदि वे कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा नियमों को अपनाएं, तो न केवल स्वयं सुरक्षित रहेंगे, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी जागरूक कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क पर सावधानी बरतना केवल अपनी सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि दूसरों की जान बचाने के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

अतिथियों ने जानकारी दी कि 01 से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को परिवहन विभाग की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को भी यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर गौरव कुमार, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, हिल टॉप पब्लिक स्कूल की प्राचार्या संगीता प्रसाद, उप-प्राचार्या सुनीता श्रीवास्तव, शिक्षिकाएं सीमा लाला, स्नेहा मुर्मू, मधुलिका श्रीवास्तव, नयन सेन, एमएम हाई स्कूल की नर्गिस बानो, भुनेश्वर मिर्धा, कहकशां परवीन सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थीं।———-