पूर्वी सिंहभूम, 22 जनवरी । झारखंड आंदोलन के प्रखर नेता और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुधीर महतो की पुण्यतिथि गुरुवार को कदमा में श्रद्धा भाव मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर नमन किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत सुधीर महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के संघर्ष में सुधीर महतो की भूमिका ऐतिहासिक रही है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। नेताओं ने उनके जीवन और संघर्ष से जुड़े कई पहलुओं को साझा करते हुए बताया कि वे केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि झारखंड आंदोलन के ऐसे मजबूत स्तंभ थे, जिन्होंने गांव-गांव जाकर आदिवासियों और मूलवासियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक और एकजुट किया।
वक्ताओं ने कहा कि सुधीर महतो ने अपने पूरे जीवन में सामाजिक न्याय, क्षेत्रीय विकास और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनका साहस, सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी झामुमो के कार्यकर्ताओं और आम लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। उनके विचार और संघर्ष झारखंड की राजनीति को दिशा देने वाले रहे हैं।
कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
श्रद्धांजलि सभा में झामुमो के स्थानीय विधायक सविता महतो, संजीव सरदार, सोमेश सोरेन, वरिष्ठ पदाधिकारी मोहन कर्मकार, जिला समिति के सदस्य, महिला मोर्चा की नेत्रियां सहित अन्य मौजूूद थे।