रामगढ़, 25 जनवरी । राष्ट्रीय मतदाता दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माई इंडिया, माई वोट विषय के अंतर्गत किया गया, जिसमें जिले के अधिकारियों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में एसपी अजय कुमार, डीडीसी आशीष अग्रवाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह गोपनीय प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला स्तरीय अधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता रही।
छत्तरमांडू स्थित समाहरणालय परिसर में आयोजित हुए इस संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने, अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने कहा कि माई इंडिया, माई वोट विषय के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें जागरूक, जिम्मेदार मतदाता बनाना है। उन्होंने कहा कि मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है, जिसका निर्वहन सभी को अवश्य करना चाहिए।