जोधपुर, 24 जनवरी । शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज अपने इष्टदेव भगवान भास्कर की उपासना का पर्व सूर्य सप्तमी महोत्सव 25 जनवरी को जोधपुर शहर में अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाएगा। इस अवसर पर यज्ञ-हवन, सामूहिक अर्घ, पूजा-अर्चना, महाप्रसादी, शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण जैसे आयोजन होंगे।
श्री भास्कर सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति 13 वर्षों के अंतराल के बाद पुन: यज्ञ-हवन एवं महाप्रसादी का आयोजन कर रही है। इससे पूर्व समिति का अंतिम आयोजन गुंदेश्वर महादेव मंदिर किला रोड पर हुआ था, जो कुछ पदाधिकारियों के निधन एवं अस्वस्थता के कारण स्थगित हो गया था। अब समाज की महिलाओं व युवाओं की पहल पर उसी स्थान से आयोजन को पुन: प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।
वहीं गंगाणा से चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के लोगों को सुविधा देने के उद्देश्य से राजस्थान शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज की सूर्य सप्तमी महोत्सव समिति द्वारा पांचवां पुलिया स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में रथ सप्तमी का आयोजन किया जाएगा। यहां यज्ञ-हवन, प्रसादी, संगोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
समिति के संदीप शर्मा, रामवतार शर्मा व चंद्रप्रकाश शर्मा ने बताया कि जो लोग बीमारी या अन्य कारणों से रातानाडा स्थित आयोजन में शामिल नहीं हो पाते, उनके लिए यह व्यवस्था की गई है। कई श्रद्धालु यहां और रातानाडा में संयुक्त रूप से भी भाग लेंगे।
इसी तरह शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण संत रामेश्वर दयाल संस्था, शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण ऋषि कुमार सभा व 21 युवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में फतेहपोल से नवचौकिया, नाइयों का बड़ होते हुए चांदपोल स्थित भास्कर वाटिका तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इक्कीस युवा समिति के रवि शर्मा,अशोक शर्मा और लक्ष्य ने बताया कि सुबह 10 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोपहर मे भास्कर वाटिका मे महा- हवन-पूजन तथा शाम को महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पिछले माह खेली गई दुर्गा देवी स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता तथा उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।