भोपाल, 25 जनवरी । मध्य प्रदेश में रविवार से मौसम ने फिर करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे ठंड का असर बढ़ गया और आम जनजीवन प्रभावित हुआ। सड़कों पर दृश्यता कम होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब आधे हिस्से में 27 और 28 जनवरी को बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, 26 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा वेस्टर्न डिस्टरबेंस काफी स्ट्रॉन्ग है, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। ग्वालियर-चंबल संभाग में पहले से ही बादल, हल्की बारिश और कोहरे का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं। इसके साथ ही एक लो प्रेशर एरिया और ट्रफ लाइन भी एक्टिव है। इसी सिस्टम की वजह से पिछले 24 घंटों में ग्वालियर-चंबल के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई।
शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ठंडा बना रहा। छतरपुर, रतलाम सहित 10 से अधिक जिलों में तेज हवाएं चलीं। भोपाल में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। शनिवार देर शाम नरसिंहपुर जिले के सालीचौका क्षेत्र में 20 से 25 मिनट तक तेज बारिश हुई। 27 जनवरी को भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर और रतलाम और 28 जनवरी को जबलपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया, कटनी, दमोह, सागर, नरसिंहपुर, विदिशा और रायसेन में बारिश की संभावना है
शनिवार की रात मंदसौर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजगढ़ में 7.4 डिग्री, नीमच के मरुखेड़ा में 7.9 डिग्री, कल्याणपुर में 8.2 डिग्री, पचमढ़ी में 8.2 डिग्री और कटनी के करौंदी में 9.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल 12.5, इंदौर 12.2, ग्वालियर 13.3, उज्जैन 12.8 और जबलपुर 15.3 डिग्री सेल्सियस। शनिवार को सुबह कोहरे और दिन में सर्द हवाओं के कारण ग्वालियर-चंबल संभाग में दिन के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। दतिया सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री दर्ज हुआ। एक ही दिन में पारे में 9 डिग्री की गिरावट आई। खजुराहो में तापमान 21.4 डिग्री रहा, जहां 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, गुना 18.7, टीकमगढ़ 19, श्योपुर 19.4, ग्वालियर-धार 20, उज्जैन 21.5, रतलाम 21.2, इंदौर 22, नौगांव 22.5 और भोपाल 23.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने रविवार को भी दिन के तापमान में गिरावट की संभावना जताई है।