मुरैनाः करह धाम पर श्री सिय-पिय मिलन समारोह का 68वाँ आयोजन 2 से 9 फरवरी तक

मुरैना, 29 जनवरी । मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में प्रति वर्ष की भांति इस साल भी करह आश्रम (करह धाम) पर श्री सिय-पिय मिलन का 68वाँ विशाल आध्यात्मिक समारोह 2 फरवरी से 9 फरवरी 2026 तक श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने हेतु कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने गुरुवार को करह आश्रम परिसर में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार डाबर, एसडीएम बी.एस. कुशवाह, प्रभारी आयुक्त नगर निगम डोडिया, तहसीलदार, बीएमओ, सीएमओ सहित करह आश्रम के महंत एवं सचिव उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कलेक्टर जांगिड़ ने कहा कि सिय-पिय मिलन समारोह में संबंधित अधिकारी अपने-अपने कार्यों का पूर्व अवलोकन कर लें, तथा मेले में पेयजल, छाया, विद्युत आपूर्ति आदि के पुख्ता प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएँ। उन्होंने खाद्य विभाग को निर्देशित किया कि रेडी, हाथ-ठेला एवं अन्य दुकानदारों से नियमित रूप से फूड सैम्पलिंग कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी बासी अथवा अस्वच्छ खाद्य सामग्री का विक्रय न हो।

कलेक्टर ने मेले में अस्थायी शौचालयों (टॉयलेट) की संख्या बढ़ाने, आसपास की झाड़ियों की समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही मेला समिति को सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए, ताकि संपूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी के माध्यम से की जा सके। उन्होंने नगर पालिका बानमौर एवं नगर निगम मुरैना को करह आश्रम परिसर में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाने, फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने, तथा भंडारे के समीप झिक-झिक (बैरिकेडिंग) लगाने के निर्देश दिए, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि करह आश्रम क्षेत्र की पंचायतों के अंतर्गत पेयजल टैंकर लगाए जाएँ, जिसे जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त मेला अवधि में पी.ए. सिस्टम लगाया जाए, दिन-रात चिकित्सकों की उपलब्धता रहे, तथा एम्बुलेंस भी तैनात रहे।

पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने कहा कि मेला अवधि के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर पालिका बानमौर को साफ-सफाई, डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था तथा फायर ब्रिगेड की टीम की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात प्रभारी को यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिय-पिय मिलन समारोह को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाया जाए।