मुरैना के अंबाह में आधी रात को किन्नर के घर डकैती, 22 तोला सोना समेत 30 लाख का सामान ले गए बदमाश

मुरैना, 18 जनवरी । मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह नगर में शनिवार की रात एक किन्नर के घर डकैती की वारदात हो गई। यहां 8 से 10 हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए और घर में मौजूद लोगों को बंधक बनाकर 22 तोला सोना, कैश समेत कुल 30 लाख का सामान लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, अम्बाह में रहने वाली किन्नर राबिया के घर पर शनिवार रात करीब डेढ़ से 2 बजे के बीच यह वारदात हुई। राबिया और उसके दो साथी किन्नर घर पर मौजूद थे। बदमाशों ने छत के रास्ते घर में घुसकर पहले किन्नरों को हथियार के बल पर डराकर बांध दिया। इसके बाद फनर से घर के सभी ताले काट दिए और जेवरात और नकदी लूट कर ले गए। इस दौरान उन्होंने किन्नरों के शरीर की तलाशी भी ली और उनसे जेवर भी निकालवाए। बदमाशों ने घर में रखे 22 तोला सोने के जेवर, चार किलो चांदी के जेवर और लगभग चार लाख रुपये नकद लूट लिए। घटना की सूचना मिलते ही अम्बाह थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

वारदात के वक्त घर में चार किन्नर मौजूद थे। इनमें मुखिया राबिया किन्नर, राधिका किन्नर, श्री किन्नर और रिया किन्नर शामिल हैं। राबिया ने बताया कि बदमाश सीढ़ी से छत पर चढ़े और फिर गैस कटर से छत का दरवाजा काटा। इसके बाद वे दूसरी मंजिल से सीधे ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे। यहां उन्होंने तीन चेलों पर कट्टा अड़ाकर उन्हें जगाया। बदमाशों ने किन्नर राधिका को धमकाया। फिर गुरु राबिया का कमरा खुलवाया। डकैतों ने कमरे में रखे सोने-चांदी के जेवर और कैश निकाल लिए। किन्नरों ने जो गहने पहने थे, वो भी निकलवा लिए। उनके मोबाइल और घर में लगे सीसीटीवी के डीवीआर भी ले गए।

राबिया ने बताया कि सोना-चांदी लूटने के बाद बदमाश एक-एक कर सभी चेलों को अलग कमरे में ले गए, कपड़े उतरवाए और अश्लील हरकतें कीं। इस दौरान बदमाश बार-बार पूछते रहे कि घर में कोई पुरुष है या नहीं। बदमाशों में से एक व्यक्ति फारसी भाषा बोल रहा था, जिससे आशंका है कि वारदात के पीछे किसी परिचित किन्नर का हाथ हो सकता है। वारदात के बाद सुबह करीब 4 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके पुलिस और सुबह मुरैना से डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास और अन्य इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों का कोई सुराग मिल सके।

अम्बाह थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि बदमाशों को किन्नरों और घर की पूरी जानकारी थी। उन्हें पता था कि घर में कौन रहता है, कैसे प्रवेश करना है और सीसीटीवी का डीवीआर कहां रखा है। उन्होंने बताया कि बदमाश हथियारों से लैस थे। छह बदमाश घर के अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया, जबकि दो बदमाश कमरों की तलाशी लेते रहे। सभी किन्नरों को राबिया किन्नर के कमरे में बंद कर दिया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डावर ने बताया कि बाइपास के किनारे स्थित राबिया किन्नर के घर पर नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर पहुंचे थे। कट्टे की नोक पर सोना-चांदी और कैश लूट कर ले गए। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि करीब 8 बदमाशों ने यह वारदात की है। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।