सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत

हाथरस, 22 जनवरी । आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर गुरुवार सुबह सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। भारत पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात वाहन ने सब्जी मंडी जा रहे टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे टेंपो में सवार किसान पंकज कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टेंपो चालक दुर्घटना में बाल-बाल बच गया।

मृतक किसान की पहचान ग्राम रसगवां निवासी पंकज कुमार पुत्र राज नारायण सिंह के रूप में हुई है। पंकज सब्जी की खेती करते थे और रोजाना की तरह हरी मिर्च लेकर सादाबाद के आगरा रोड स्थित सब्जी मंडी जा रहे थे। हादसा भारत पेट्रोल पंप के सामने हुआ, जब सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पंकज को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक छा गया और वे अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।