सिरसा, 27 जनवरी । सिरसा जिले के गांव चौबुर्जा निवासी यक युवक की मलेशिया में मौत हो गई। मंगलवार को मृतक गौरव का शव सिरसा पहुंचा। परिजन शव लेकर ग्रामीणों के साथ सिरसा के नागरिक अस्पताल में पहुंचे और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। डीएसपी राज सिंह नागरिक अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। परिजनों का कहना है कि गौरव ने फंदा लगाकर आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या की गई है। परिजनों ने बताया कि गौरव की रानियां निवासी अमरजीत कौर से शादी हुई थी। शादी के बाद वे टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड होते हुए मलेशिया पहुंचे। गौरव मलेशिया के शाह आलम शहर में सिक्योरिटी व होटल में काम करता था। गौरव की बीती 18 जनवरी को परिवार से आखिरी बात हुई थी। 19 जनवरी की शाम अमरजीत कौर ने फोन पर सुसाइड की सूचना दी। मलेशिया पुलिस ने प्रारंभिक पोस्टमार्टम में फंदे से सुसाइड बताया, लेकिन परिजन इसे मानने को तैयार नहीं।
सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया भी नागरिक अस्पताल पहुंचे और उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक से बातचीत कर स्वजनों की मांग पर पोस्टमार्टम करवाने की अपील की। इसके बाद चिकित्सकों ने शव को सिरसा से अग्रोहा मेडिकल कालेज के लिए रेफर किया है।
नाथूसरी चोपटा थाना प्रभारी राधेश्याम ने कहा कि परिजनों की संतुष्टि जरूरी है। शव का मलेशिया से पोस्टमार्टम होकर आया है, लेकिन परिजन इससे संतुष्ट नहीं है। परिजनों की मांग पर शव का अग्रोहा मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।