शिक्षक फेडरेशन का एक दिवसीय जिलास्तरीय धरना-प्रदर्शन 17 जनवरी को

जगदलपुर, 16 जनवरी । समग्र शिक्षक फेडरेशन के तत्वाधान में शिक्षकों की समस्याओं को लेकर मोदी की गारंटी के तहत चार मांगों को लेकर 17 जनवरी को एक दिवसीय जिलास्तरीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संघ के अध्यक्ष देवराज खूंटे ने शुक्रवार काे बताया कि हमारी मांगे मोदी की गारंटी में शामिल है। हमने कई बार ज्ञापन के माध्यम से आवेदन निवेदन किया। लेकिन विगत 2 वर्ष होने के उपरांत भी हमारी मांगे पूरी नहीं की गई है । यदि इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा । खूंटे ने बताया कि जिन मांगों को लेकर यह हड़ताल की जाएगी उन मांगों में सहायक शिक्षकों के वेतन में व्याप्त विसंगतियों को दूर कर क्रमोन्नत वेतनमान देने, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवाकाल की गणना करते हुए समस्त शासकीय लाभ दिया जाए। इसके साथ ही पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टेट की अनिवार्यता समाप्त की जाए। वीएसके एप को निजी मोबाइल में डाउनलोड करने की बाध्यता समाप्त की जाए।