जौनपुर, 29 जनवरी । यूपी के जौनपुर में ट्रैफिक पुलिस ने गुरूवार को नर्सिंग होम के बाहर पार्किंग की व्यवस्था न होने से सड़कों पर गाड़ी खड़ी करके जाम की स्थिति उत्पन्न करने वालों पर कार्यवाही करते हुए 40 दोपहिया वाहन और 20 चार पहिया वाहनों का चालान किया। साथ ही नर्सिंग होम में पार्किंग व्यवस्था करने की चेतावनी दी गयी।
ट्रैफिक इंचार्ज सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि आज नर्सिंग होम में पार्किंग व्यवस्था न होने से सड़कों पर जाम लगता है, जिसको देखते हुए अभियान चलाया गया और वाहनों का चालान किया गया। जिनके पास पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है। इन प्रतिष्ठानों के कारण सड़कों पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत कुछ संचालकों को नोटिस जारी कर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। शहर में यातायात बाधित होने की एक प्रमुख जगह नईगंज क्षेत्र है। यहां नर्सिंग होम के बाहर बेतरतीब खड़े वाहन और एम्बुलेंस अक्सर यातायात को रोकते हैं। जिससे आम लोगों को परेशानी होती है।
ट्रैफिक पुलिस ने नगर के 13 नर्सिंग होम संचालकों को पहले नोटिस जारी की है। इन नोटिसों में स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल पार्किंग की व्यवस्था करें। साथ ही, वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने के लिए एक जिम्मेदार व्यक्ति को नियुक्त करने का भी निर्देश दिया गया है। ताकि मार्ग अवरुद्ध न हो। कुछ समय पहले भी 25 संचालकों को इसी सम्बंध में नोटिस दी गई थी। इसके बाद कुछ प्रतिष्ठानों ने अपनी व्यवस्थाओं में सुधार किया था। हालांकि, अभी भी कई जगह पार्किंग की बुनियादी सुविधा का अभाव है। पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधा की कमी से आम लोगों के साथ-साथ मरीजों को भी असुविधा होती है। इस पहल को यातायात व्यवस्था में सुधार और जनता की परेशानी कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।