नई दिल्ली, 23 जनवरी । गणतंत्र दिवस समारोह 2026 की तैयारियों के तहत 24 जनवरी को होने वाली परेड रिहर्सल के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। रिहर्सल सुबह 10:15 बजे विजय चौक से शुरू होकर कर्तव्य पथ होते हुए इंडिया गेट तक जाएगी। इस दौरान परेड मार्ग और आसपास की सड़कों पर यातायात पर कड़े प्रतिबंध लागू रहेंगे।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, परेड की सुचारू रिहर्सल के लिए 24 जनवरी को सुबह 10:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कर्तव्य पथ पर विजय चौक से इंडिया गेट तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा, रफी मार्ग, जनपथ और मान सिंह रोड से कर्तव्य पथ की ओर जाने वाला क्रॉस ट्रैफिक भी इसी अवधि में रोका जाएगा। वहीं, इंडिया गेट क्षेत्र को भी इस दौरान सभी वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सुबह 10:15 बजे से 12:30 बजे तक परेड मार्ग से बचकर चलें और अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। यदि किसी कारणवश इस क्षेत्र से गुजरना अनिवार्य हो, तो वाहन चालक मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, सिकंदरा रोड, फिरोजशाह रोड, मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग और मोतीलाल नेहरू मार्ग जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली में एक फरवरी 2026 तक पैराग्लाइडर, ड्रोन, यूएवी, हॉट एयर बैलून, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट और अन्य सब-कन्वेंशनल हवाई प्लेटफॉर्म उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को देने की अपील की है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से संयम बनाए रखने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है। ताजा ट्रैफिक अपडेट के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, फेसबुक पेज, एक्स (ट्विटर) हैंडल, इंस्टाग्राम पेज, व्हाट्सएप नंबर 8750871493 और हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं।