पूर्व विधायक मालचंद की पुत्र वधू निशिता पर मुकदमा दर्ज

उत्तरकाशी, 27 जनवरी । उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिला के पुरोला ब्लॉक प्रमुख और पूर्व विधायक मालचंद की पुत्रवधू निशिता पर कथित फर्जी डबल एससी-एसटी प्रमाण पत्र के इस्तेमाल के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को पुरोला थाने में प्राथमिकी पंजीकृत की गई,जिसकी विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

थाने के प्रभारी दीपक कठैत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच जारी है। यह मामला तब गंभीर रूप ले लिया,जब न्यायालय ने निशिता के सभी वित्तीय अधिकार सीज कर दिए थे।

निशिता का कहना है कि जब वह नाबालिग थी, तब अधिकारियों द्वारा प्रमाण पत्र बनाया गया और इसमें उसका कोई दोष नहीं है। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और ब्लॉक प्रमुख बनने तक सभी दस्तावेज़ अधिकारियों द्वारा जांचे जा चुके हैं।

न्यायालय ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए, तो कार्रवाई केवल निशिता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें शामिल प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की भी भूमिका की जांच होगी।

जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि प्रमाण पत्र किस आधार पर जारी किए गए, शपथ पत्र की सत्यता और शासनादेशों का पालन हुआ या नहीं। यदि लापरवाही या जानबूझकर प्रमाण पत्र जारी किया गया, तो संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। इस मामले ने क्षेत्रीय राजनीति में भी हलचल मचा दी है।