हमीरपुर, 23 जनवरी । उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिलेे के सुमेरपुर कस्बे में अश्लील वीडियो वायरल करने व लव जेहाद करने वाले समुदाय विशेष के पिता -पुत्र के खिलाफ हुए आंदोलन में शामिल एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावरों ने लव-जिहाद, धर्मांतरण के मामले में चुप रहने की धमकी दी थी और धरना प्रदर्शन में शामिल होने पर समुदाय विशेष के युवकों ने हमला किया है। शुक्रवार को पुलिस ने परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुमेरपुर कस्बा निवासी शुभम द्विवेदीे भोजन करने के बाद अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक छह सात अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से शुभम संभल भी नहीं पाए और वह घायल होकर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, तब तक हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल शुभम को परिजन तत्काल उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पीड़ित द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि हमलावरों ने उन्हें एक पूर्व प्रकरण से संबंधित मामले में चुप रहने की धमकी दी है। इससे पीड़ित और उसके परिजनों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 15 जनवरी को सुमेरपुर क्षेत्र में एक युवती काे लव जेहाद में फंसा कर उसका शाेषण करने के प्रकरण को लेकर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी, जिसमें कुछ आरोपिताें को हिरासत में लिया गया था। आशंका जताई जा रही है कि वर्तमान घटना उसी मामले से जुड़ी है। घटना के बाद पुलिस ने कस्बे में गश्त बढ़ा दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपिताें की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।