हाथरस, 17 जनवरी । उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में में एक गांव गढ़ उमराव के लोग बंदरों से परेशान हैं। गांव में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणाें की समस्या जिला प्रशासन के पास पहुंची है।
बंदर घरों में घुसकर सामान खराब कर रहे हैं। वहीं खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा बंदर कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुके हैं। लोगों का छत पर जाना भी दुश्वार हो गया है। गोसेवक जतिन सारस्वत ने शनिवार काे उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने बताया कि बंदरों के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में भय का माहौल है। प्रशासन बंदरों को पकड़वाकर सुरक्षित स्थान पर छोड़े और स्थाई समाधान की व्यवस्था कराए।