कानपुर, 26 जनवरी । पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने साेमवार काे लूट जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में लापरवाही बरतने पर रावतपुर थाना प्रभारी मनोज मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया है।
रावतपुर थाना क्षेत्र में घटित लूट की घटनाओं के बाद जांच और कार्रवाई में ढिलाई सामने आई थी। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने पूरे मामले की समीक्षा की और प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर रावतपुर थाना प्रभारी काे निलंबित कर दिया है। आयुक्त रघुवीर लाल ने साफ शब्दों में कहा है कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस आयुक्त की इस कार्रवाई को विभाग के भीतर कड़ा संदेश माना जा रहा है।
इस फैसले के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों को न्याय और कानून-व्यवस्था की मजबूती में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।