बलरामपुर : विकसित भारत जी राम जी योजना पर वाड्रफनगर में कार्यशाला आयोजित

बलरामपुर, 30 जनवरी । विकासखंड वाड्रफनगर के जनपद पंचायत सभाकक्ष में शुक्रवार काे प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते की अध्यक्षता में विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य योजना के प्रावधानों, उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके तथा रोजगार एवं आजीविका के नए अवसरों का सृजन हो सके।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि विकसित भारत जी राम जी योजना जिसका उद्देश्य ग्रामीण विकास को गति देना और आमजन को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधितों से कहा कि वे पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए अधिकतम लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाना सुनिश्चित करें।

कार्यशाला में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा योजना के क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया। साथ ही योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान प्रतिभागियों के जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

इस अवसर पर रेडक्रास सोसाइटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानूप्रकाश दीक्षित, अन्य जनप्रतिनिधि, सरपंचगण, जनपद सीईओ, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, सचिव, रोजगार सहायक, सहित विकासखण्ड स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।