चंडीगढ़, 07 फरवरी । आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने दावा करते हुए कहा है कि राज्य में एक साल से खिलाड़ियों को डाइट मनी नहीं मिल रही है। इसके चलते 37 हजार खिलाड़ी डाइट के बगैर अभ्यास करने को मजबूर हो रहे हैं।शनिवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ढांडा ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को भूखा मारने की कोशिशों में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 1500 खेल नर्सरियों में 37000 खिलाड़ियों को पिछले 10 महीने से डाइट का पैसा तक नहीं मिला। इन नर्सरियों में ट्रेनिंग देने वाले कोच को 10 महीनों से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि रोजाना घंटों तक अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को सरकार 2 महीने छुट्टी लेने को कह रही है ताकि खिलाड़ियों को डाइट का पैसा न देना पड़े और न कोच को उनकी सैलरी।अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि हरियाणा के 75 हजार से अधिक बुजुर्गों की पेंशन काट दी गई है। पेंशन न दिए जाने के बेतुके तर्क दिए जा रहे हैं। कहीं परिवार पहचान पत्र में पूरे परिवार की कमाई का हवाला देकर पेंशन बंद की जा रही है तो कहीं नाम, सरनेम, उम्र मिसमैच के नाम पर पेंशन बंद की जा रही है।