अभाविप ने दयाल सिंह कॉलेज के सभी पोटा क्लासरुम में लगाया ताला, 10 दिनों में ठीक करने की मांग की

नई दिल्ली, 25 फ़रवरी । दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह महाविद्यालय में बुधवार को एक बड़ा हादसा टला। महाविद्यालय के एक पोटा क्लासरूम की छत अचानक गिर गई। गनीमत यह रही कि उस समय कक्षा खाली थी, जिसके कारण कोई हताहत नहीं हुई। घटना की जानकारी मिलते ही अभाविप नीत दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष आर्यन मान के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा और कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रतिनिधियों ने इस घटना के बाद त्वरित कदम उठाते हुए महाविद्यालय के प्रधानाध्यापक के साथ सभी पोटा क्लासरूम का निरीक्षण किया। सुरक्षा की दृष्टि से सभी पोटा कक्षाओं को खाली करवा कर उन पर ताला लगवा दिया गया। साथ ही, 10 दिनों के भीतर सभी कक्षाओं की मरम्मत कर उन्हें सुरक्षित बनाने की मांग की गई।

कॉलेज प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि अगले 10 दिनों के भीतर सभी पोटा क्लासरूम निर्धारित मानकों के अनुसार ठीक कर दिए जाएंगे और कक्षाओं का संचालन पुनः सुचारु रूप से शुरू किया जाएगा।

अभाविप दयाल सिंह महाविद्यालय ईकाई अध्यक्ष शिवम गंडास ने कहा कि छात्रों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जा सकती। अगर महाविद्यालय प्रशासन 10 दिनों की भीतर सभी क्लासरुम ठीक नहीं करवाता है तो अभाविप प्रशासन के खिलाफ एक बड़ा प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएगी।