रामपुर में ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

शिमला, 09 फ़रवरी । शिमला जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना रविवार शाम की है, जब एनएच-05 पर खनेरी के राय मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे चल रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता पेप चंद ने बयान दिया कि रामपुर से झाकड़ी की ओर जाते समय उन्होंने देखा कि ट्रक नंबर HP62A-1698 के चालक मनोज कुमार (34 वर्ष), निवासी बिलासपुर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क के किनारे चल रहे देविन सिंह (69 वर्ष) निवासी कल्पा जिला किन्नौर को टक्कर मार दी। हादसे में देविन सिंह को गंभीर सिर की चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में पुलिस थाना रामपुर में बीएनएस की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।