पानीपत, 28 फ़रवरी । पानीपत स्थित खटीक बस्ती में काम करने के दौरान एक टाइल कारीगर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद उजैफा के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब उजैफ काम पूरा करने के बाद लोहे के फीते से काम का माप ले रहा था। इसी दौरान वह पास से गुजर रही हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया।
पुलिस के अनुसार, उजैफ खटीक बस्ती में एक मकान में टाइल लगाने का काम कर रहा था। काम खत्म करने के बाद जैसे ही उसने माप लेने के लिए लोहे का फीता निकाला, वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन तारों से छू गया। करंट इतना शक्तिशाली था कि उजैफ बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद मकान मालिक उजैफ को झुलसी हुई हालत में लेकर अस्पताल पहुंचा लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए शव को शवगृह में रखवा दिया तथा हादसे की सूचना परिवार को दी जिस पर परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे। मृतक की पत्नी ने मकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी का कहना है कि उजैफ की मजदूरी का पैसा काफी समय से रुका हुआ था और वह बार-बार मालिक से अपनी पेमेंट मांग रहा था, लेकिन मालिक पैसे नहीं दे रहा था। पत्नी के अनुसार, आज भी उजैफ विशेष रूप से अपनी रुकी हुई पेमेंट लेने के लिए ही घर से निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर आ गई। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।