पौड़ी गढ़वाल, 16 फ़रवरी । मंडल मुख्यालय पौड़ी में मानदेय बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्री सेविका मिनी कर्मचारी संगठन ने प्रदर्शन किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने जल्द ही समस्याओं के हल की मांग उठाई।
सोमवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने रामलीला मैदान से डीएम कार्यालय तक रैली निकाली। इसके बाद डीएम कार्यालय के बाहर धरना देते हुए बाल विकास मंत्री रेखा आर्य को 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भेजा। इस दौरान डीएम कार्यालय के पास यातायात भी थोड़ी देर के लिए बाधित रहा।
प्रदर्शन के दौरान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने कहा कि लंबे समय से संगठन मानदेय में 140 रुपए प्रतिदिन की बढ़ोत्तरी से लेकर सुपरवाइजर पदों पर हर साल वरिष्ठता के आधार पर विज्ञप्ति निकालने, मोबाइल रिचार्ज का पैसा बढ़ाने, नंदा गौरा योजना का लाभ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी देने, किराए के भवनों के किराए में इजाफा करने, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बायोमेट्रीक मशीनों से नहीं जोड़े जाने सहित विभिन्न मांगों को हल करने की मांग कर रहे है लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रही है।
इस दौरान कार्यालय में डीएम के नहीं होने पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। कहा कि अक्सर धरना प्रदर्शन के दौरान आला अफसर अपने कार्यालयों से गायब हो जाते है। प्रदर्शन में संगठन की जिलाध्यक्ष बसंती रावत, जिला मंत्री मीना नेगी, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंवार, हेमा जैन, सुनीता, सरस्वती देवी, ऋतु थपलियाल आदि शामिल रहे।