राजगढ़ः हनुमान मंदिर में हुई चोरी के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

राजगढ़, 08 फरवरी । मध्य प्रदेश के छापीहेड़ा थाना पुलिस ने ग्राम खजूरी गोकुल स्थित हनुमान मंदिर से चोरी हुए चांदी के आभूषणों के मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से आभूषण बरामद किए।

थाना प्रभारी हुकुमसिंह मीणा ने रविवार को बताया कि 5 फरवरी को हनुमान मंदिर पुजारी शिवम व्यास ने शिकायर्त की, दोपहर 1 से 4 बजे के बीच अज्ञात बदमाश मंदिर से एक चांदी का छत्र, एक चांदी का मुकुट और चांदी की रामनाम की माला चोरी कर ले गए, जिनका वजन लगभग 700 ग्राम है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभयसिंह (35)पुत्र रुगनाथ तंवर निवासी मूंडलालोधा थाना छापीहेड़ा और पवन उर्फ भूरिया (25) पुत्र दीपक दांगी निवासी दांगी मौहल्ला जीरापुर को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी किए आभूषण बरामद किए। पूछताछ पर आरोपितों ने बताया कि नशे की लत के कारण पैसों की जरुरत पूरी करने के लिए मंदिरों में चोरी करते थे।