एसडीएम की जांच में खुलासा— गौशाला में लापरवाही से मरे गोवंश, ग्राम विकास अधिकारी निलंबित

औरैया, 04 फरवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया के विकास खण्ड एरवाकटरा स्थित ग्राम बीबीपुर की गौशाला में मृत गोवंशों से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच के बाद जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कड़ी कार्यवाही की है। इस प्रकरण में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को निलंबित करते हुए प्रधान काे नाेटिस, बीडीओ और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी काे प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।

सोशल मीडिया में आए वीडियो के तथ्यों के स्थलीय निरीक्षण में उप जिलाधिकारी बिधूना द्वारा पाया गया कि गौशाला में मृत गोवंशों का समय पर अंतिम संस्कार नहीं किया गया था। ठंड से बचाव के लिए समुचित व्यवस्थाओं का अभाव था, वहीं गोवंशों के लिए आवश्यक हरा चारा, भूसा एवं अन्य आहार सामग्री की उपलब्धता और रख-रखाव में भी गंभीर कमी पाई गई। इसके अतिरिक्त गौशाला परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी तथा गंदा पानी भरा हुआ था, जिससे गोवंशों के बीमार होने की आशंका व्यक्त की गई।

एसडीएम की जांच आख्या के आधार पर जिलाधिकारी ने संबंधित ग्राम विकास अधिकारी अनुज कुमार को लापरवाही और अकर्मण्यता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं विकास खण्ड एरवाकटरा के खण्ड विकास अधिकारी संजीव कुमार पाण्डेय को पर्यवेक्षणीय शिथिलता एवं पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई। पशु चिकित्साधिकारी एरवाकटरा डॉ. दिलीप कुमार को भी पूर्व में जारी आदेशों की अवहेलना एवं दायित्वों में लापरवाही के चलते प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। साथ ही संबंधित ग्राम प्रधान को उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जिलाधिकारी के निर्देशन में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा गौ आश्रय स्थल पर सभी गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। जिलाधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों एवं पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की सभी गौ आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।