डूंगरपुर, 03 फ़रवरी । वागड़ के महाकुंभ बेणेश्वर मेले में आस्था के सैलाब के बीच डूंगरपुर पुलिस ने जन-जागरूकता की एक नई इबारत लिखी है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में पुलिस विभाग द्वारा मेले में एक विशेष पुलिस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को नए कानूनों और सामाजिक सुरक्षा के प्रति सचेत करना है। इस पहल की न केवल स्थानीय जनता, बल्कि मेले में पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने भी मुक्त कंठ से सराहना की है।
पुलिस प्रदर्शनी के माध्यम से मेले में आए लोगों को साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय साझा किए गए। साथ ही, क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं जैसे सड़क दुर्घटनाएं, आत्महत्या की बढ़ती प्रवृत्ति, अवैध खनन और झूठे मुकदमे दर्ज कराने की प्रवृत्ति के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया गया। प्रदर्शनी में विभिन्न बैनरों, पोस्टरों और होर्डिंग्स के जरिए नए कानूनों की बारीकियों को बड़े ही सरल ढंग से समझाया गया है, ताकि आम नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझ सके।
अब तक लगभग एक लाख से अधिक मेलार्थी इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर चुके हैं। इसमें स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राजस्थान के पड़ोसी राज्यों मध्य प्रदेश, गुजरात, झारखंड, दिल्ली और महाराष्ट्र से आए श्रद्धालुओं के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों ने भी गहरी रुचि दिखाई। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने खुद प्रदर्शनी का भ्रमण किया और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों व ग्रामीणों से सीधा संवाद कर व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस प्रदर्शनी को देखें और नए कानूनों के प्रति जागरूक बनकर एक सभ्य समाज के निर्माण में भागीदार बनें।