अयोध्या, 11 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज का नया कुलपति नियुक्त किया है। राजभवन से जारी आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष के लिए की गई है।
डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह वर्तमान में नई दिल्ली स्थित आईसीएआर-नेशनल ब्यूरो ऑफ प्लांट जेनेटिक रिसोर्सेज (एनबीपीजीआर) के निदेशक पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने गेहूं की उन्नत प्रजातियों पर उल्लेखनीय शोध किया है। जिससे भारत की खाद्य सुरक्षा को मजबूती मिली है। कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में उनके लम्बे अनुभव से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं शोध कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है
।
इस अवसर पर सीता देवी महाविद्यालय, परिजात धाम, बाराबंकी के प्राचार्य डॉ. करुणेश तिवारी तथा पूर्व डीन हॉर्टिकल्चर प्रो. ओ.पी. राय ने नवागत कुलपति को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। डॉ. करुणेश तिवारी ने कहा कि इस नियुक्ति से अयोध्या स्थित कृषि विश्वविद्यालय में अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा मिलेगी, जिसका सीधा लाभ किसानों और छात्रों को होगा।
उल्लेखनीय है कि, डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को राष्ट्रीय विज्ञान श्री पुरस्कार–2025 से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनके पिता स्वर्गीय डॉ. महातिम सिंह, गोविंद वल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय, पंतनगर के पूर्व कुलपति रहे हैं। डॉ. सिंह मूल रूप से जिला गाजीपुर के ग्राम उधरनपुर के निवासी हैं।