आगरमालवाः दुल्हे के रूप में किया बाबा बैजनाथ का श्रृंगार

आगरमालवा, 15 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में रविवार को महाशिवरात्रि का पावन पर्व भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिले के प्रसिद्ध प्राचीन व ऐतिहासिक शिवालय भूतभावन भगवान बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र पूरे दिन “हर-हर महादेव” एवं “ओम नमः शिवाय” के जयकारों से गूंजता रहा। सुबह से ही जिले भर से श्रद्धालु दर्शन-पूजन हेतु मंदिर पहुंचे। देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। इसके पूर्व बाबा बैजनाथ महादेव का प्रातःकालीन रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, सहित जनप्रतिनिधियों ने मंदिर के गर्भगृह में भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन किया।

प्रातःकालीन आरती के उपरांत श्रद्धालुओं ने मंदिर गर्भगृह के बाहर से ही दूल्हे के रूप में सजे बाबा बैजनाथ महादेव के दर्शन किए। आकर्षक श्रृंगार एवं साज-सज्जा भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस मौके पर श्रीबैजनाथ महादेव मंदिर को फूलों से सजाकर आकर्षक विद्युत रोशनी की गई है। वही बाबा बैजनाथ का श्रृंगार दुल्हे के रूप में किया गया है।

दर्शनार्थी भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए राजस्व और पुलिस विभाग का अमला व्यवस्था में मुस्तैदी से लगा हुआ है। यहां 400 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। यहां भक्तों को 150 क्विंटल फलिहारी खिचड़ी का प्रसाद वितरण किया जा रहा है।

इसके साथ ही जिला मुख्यालय स्थित अचलेश्वर महादेव, महाकाल मंदिर, मंगलेश्वर महादेव, जिले के ग्राम गोंदलमउ स्थित एक हजार एक सौ ग्यारह शिवलिंग वाले नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर, लालूखेंडी के शिवालय, पांडवकालीन पंचहदेहरिया महादेव मंदिर, सुसनेर के मनकामनेश्वर महादेव मंदिर, नलखेड़ा, सोयतकला, बड़ौद, कानड़, तनोड़िया, पिपलोनकलां, सुनारिया के साथ ही विभिन्न शिवालयों में भी शिव आराधना की जा रही है। जिले में स्थित शिवालयों में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्थाएँ की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं सुगमता से दर्शन कर महाशिवरात्रि पर्व का आध्यात्मिक आनंद लिया।