जोधपुर, 16 फरवरी । बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री अनन्या पांडे महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर राजस्थान के नीले शहर जोधपुर पहुंचीं। अनन्या ने शहर के निकट दईजर स्थित प्रसिद्ध आध्यात्मिक केंद्र संवित धाम में विशेष पूजा-अर्चना की और महादेव का आशीर्वाद लिया।
अनन्या पांडे ने संवित धाम में भगवान शिव का अभिषेक और पूजन किया। आश्रम के शांत और आध्यात्मिक वातावरण में अनन्या काफी समय तक रुकीं। उन्होंने महाशिवरात्रि के विशेष अनुष्ठानों में भाग लिया और आश्रम की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। अपनी इस यात्रा के दौरान अनन्या पारंपरिक भारतीय परिधान में नजर आईं। उन्होंने स्वामीजी से आशीर्वाद लिया और आश्रम के दर्शन किए।
अनन्या की सादगी और भक्ति भाव को देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु और उनके प्रशंसक काफी उत्साहित नजर आए। उल्लेखनीय है कि राजस्थान और विशेषकर जोधपुर बॉलीवुड सितारों की पसंदीदा जगह रही है। अनन्या ने भी इस यात्रा के जरिए अपनी आध्यात्मिक रुचि को प्रदर्शित किया है। संवित धाम अपनी साधना और सेवा प्रकल्पों के लिए जाना जाता है, जहां अक्सर गणमान्य लोग शांति और मार्गदर्शन के लिए आते हैं।