अजमेर में विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़े

अजमेर, 16 फरवरी । अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की अजमेर इकाई ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक फर्म को वर्क ऑर्डर जारी करने के एवज में कुल दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

पुलिस अधीक्षक, एसीबी अजमेर रेंज महावीर सिंह राणावत के अनुसार एसीबी चौकी अजमेर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना भाटी के नेतृत्व में निरीक्षक मीरा बेनीवाल और टीम को ट्रैप कार्रवाई के लिए भेजा गया। शिकायत का सत्यापन करने के बाद अभियंता को पकड़ने की योजना बनाई गई। निर्धारित योजना के तहत आरोपी को 50 हजार रुपये की पहली किश्त दी गई। रिश्वत की राशि स्वीकार करते ही एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। टीम ने मौके से नकदी बरामद कर ली है।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार कुल दो लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये लिए जा रहे थे। आरोपी को हिरासत में लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूछताछ की जा रही है। उसके आवास और अन्य संभावित ठिकानों पर भी तलाशी की कार्रवाई जारी है।