यमुनानगर, 23 फ़रवरी । यमुनानगर की पश्चिमी यमुना नहर में पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान लापता हुए दो सगे भाइयों की तलाश आखिरकार दर्दनाक अंत के साथ समाप्त हो गई। बड़े भाई उदय (24) का शव रविवार शाम बरामद होने के बाद सोमवार सुबह छोटे भाई आर्यन (18) का शव भी नहर में तैरता मिला। दोनों युवकों की मौत से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
रविवार को उदय का शव घटनास्थल से कई किलोमीटर दूर हमीदा हेड के समीप पुल के पास मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में रखवाया गया।
वहीं दूसरी ओर परिजन लगातार नहर किनारे डटे रहे और संभावित स्थानों पर निगरानी करते रहे। सोमवार सुबह बाढ़ी माजरा पुल के पास पानी में एक शव दिखाई देने पर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पहचान करने पर शव आर्यन का निकला। गोताखोरों की सहायता से उसे बाहर निकाला गया। घटना के बाद से पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और राहत टीमों ने लगातार कई किलोमीटर क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया।
विशेषज्ञों के अनुसार ठंडे पानी के कारण शवों को सतह पर आने में कई दिन लग जाते हैं, जो इस मामले में भी सही साबित हुआ। बताया गया है कि भगवानगढ़ निवासी दोनों भाई बीते मंगलवार शाम घर से पूजा सामग्री विसर्जित करने निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। अगले दिन नहर किनारे उनकी बाइक और चप्पल मिलने से अनहोनी की आशंका गहरा गई थी। उदय परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाने के लिए दुकान पर काम करता था, जबकि आर्यन दिहाड़ी मजदूरी कर रहा था। दोनों बेटों की असमय मौत से माता-पिता गहरे सदमे में हैं।