सांड़ ने 78 साल के बुजुर्ग को पटक-पटक कर मार डाला

हमीरपुर, 03 फरवरी । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में इस समय अन्ना पशुओं का आतंक है जो आए दिन हमला कर किसी न किसी को घायल कर रहे हैं। लेकिन जिम्मेदारों को यह नजर नहीं आ रहा है। वृद्ध पर आवारा सांड़ ने हमला कर दिया, जिससे वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में वृद्ध को स्थानीय लोगों ने कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान मौत हो गयी।

मौदहा कस्बा के थाना चौराहा के पास के निवासी गणेश (78) पुत्र बैजनाथ सब्जी मंडी सब्जी खरीदने गये थे। जहां अचानक आवारा सांड़ ने वृद्ध पर पीछे से हमला कर दिया। सांड़ के हमले से गणेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर हालत में वृद्ध को कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। मंगलवार को जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी है। इससे पहले भी सब्जी मंडी में सांड़ ने कस्बे के मराठीपुरा निवासी राजकुमार तिवारी पर हमला कर दिया था। जिससे राजकुमार गंभीर घायल हुआ था।

बताते चलें कि, सरकार अन्ना पशुओं को बंद करने के लिए गौशालाओं के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जिम्मेदार अपने गैर जिम्मेदाराना रवैया दिखाते हुए सरकारी धन का बंदरबांट कर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। प्रशासन की इस लापरवाही के चलते पता नहीं ये आवारा सांड़ कस्बे के कितने लोगों की जान ले लेंगे।

थाना प्रभारी संतोष सिंह ने मंगलवार को बताया कि उन्हें मौत की जानकारी अभी हुई है और सम्बंधित उपनिरीक्षक को भेजा जा रहा है। अगर परिजन चाहेंगे तो पोस्ट मार्टम कराया जाएगा, बाकि नगरपालिका को भी लिखा जाएगा कि इन्हे बंद करें नहीं तो कार्यवाही की जाएगी। मृतक अपने परिवार में दो बेटे और तीन बेटियों को रोता बिलखता छोड़ गया है। घर में हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।