कोरबा, 09 फरवरी (हि. स.)। कोरबा जिले में सूने मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मां-बेटे काे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपिताें द्वारा चोरी कर गिरवी रखे गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 11 लाख 11 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने आज साेमवार काे पत्रकारवार्ता लेकर खुलासा किया है। उन्हाेंने बताया कि चाेरी के मामले में मां–बेटे को गिरफ्तार किया है। साथ ही चाेरी की गई साेने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिया गया है। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना और चौकी स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र मानीकपुर एवं थाना कोतवाली कोरबा की टीम ने सूने मकान में हुई चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपिताें तक पहुंच बनाई।
मामले के अनुसार 6 फरवरी 2026 को पीड़ित ने चौकी मानीकपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह परिवार सहित रायपुर गया हुआ था। 7 फरवरी की रात वापस लौटने पर घर के बाहर और अंदर के ताले टूटे मिले। घर के भीतर रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य कीमती सामान गायब था। प्रारंभिक जांच में चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग एक लाख 80 हजार रुपये बताई गई थी।
प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदेह के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपिताें ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। जांच के दौरान पता चला कि चोरी के आभूषण “मधुर फाइनेंस” में गिरवी रखे गए हैं। पुलिस ने फाइनेंस संस्था से संपर्क कर वैधानिक प्रक्रिया के तहत सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए। बरामद आभूषणों का वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 11.11 लाख रुपये आंका गया है।
गिरफ्तार आरोपिताें में संजय वैष्णव उर्फ गोलू (31 वर्ष) और लव कुमारी वैष्णव (50 वर्ष) शामिल हैं, जो निहारिका साडा कॉलोनी, कोरबा के निवासी हैं। दोनों मां–बेटे हैं। आरोपिताें के खिलाफ धारा 331(4), 305(1), 317(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार संजय वैष्णव उर्फ गोलू के खिलाफ पहले भी चोरी, नकबजनी और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों के मामले थाना बालकोनगर, सिविल लाइन रामपुर और कोतवाली कोरबा में दर्ज हैं। कोरबा पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपिताें के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।