तेज रफ़्तार कार पेड़ से टकराई,तीन युवकों की मौत

रायबरेली,26फ़रवरी। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई,जिसमें कार सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जगतपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी धनंजय सिंह (32), अलीगंज डिगवा निवासी आशुतोष (35) और परिहरी गांव निवासी संदीप (35) आपस में घनिष्ठ मित्र थे। तीनों बुधवार शाम कार से रायबरेली शहर आए थे। शहर में जरूरी काम निपटाने के बाद वे वापस देर रात जगतपुर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार फतेहपुर मोलिया के पास पहुंची, अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे वह सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पेड़ से टकराने के बाद सड़क किनारे बने गड्ढे में जा घुसी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

राहगीरों ने जब हादसे को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जगतपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों के मुताबिक हादसे के दौरान ही तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी।

थानाध्यक्ष राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।