सिरसा, 17 फ़रवरी । सिरसा जिले की कालांवाली नगरपालिका के उपप्रधान पद के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में कांग्रेस के पार्षद सिकंदर सिंह ने भाजपा के हरविंदर सिंह को हराया। यह चुनाव कालांवाली के एसडीएम मोहित कुमार की देखरेख में हुए। चुनाव के चलते जिला प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार सिकंदर सिंह को 13 वोट मिले जबकि भाजपा उम्मीदवार हरविंदर सिंह को सिर्फ चार वोट मिले। सिकंदर सिंह ने नौ वोटों के अंतर से चुनाव जीता। विधायक शीशपाल केहरवाला ने कहा कि इससे पहले जनता ने कांग्रेस के पक्ष में फैसला देकर कांग्रेस का चेयरमैन बनाया था। उन्होंने कहा कि इस जीत से कांग्रेस का रूतबा और बढ़ा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई देकर और लड्डू बांटकर जीत का जश्न मनाया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान वार्ड नंबर नौ से दिनेश सिंगला, वार्ड नंबर दस से सिकंदर सिंह और वार्ड नंबर 15 से हरविंदर सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। लेकिन बाद में सिकंदर बाहिया के पक्ष में आपसी सहमति होने के चलते दिनेश सिंगला ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया था।
उप-प्रधान चुने जाने के बाद सिकंदर सिंह ने सभी पार्षदों काआभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह शहर के समग्र विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे सब को साथ लेकर काम करेंगे और नगरपालिका की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाएंगे। वहीं भाजपा प्रत्याशी हरविंदर सिंह ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए परिणाम स्वीकार किया और कहा कि वे जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे।