कोरबा, 11 फरवरी (हि. स.)। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शासन की जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन में धीमी कार्यप्रगति पर सख्त नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब उनका लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसलिए सभी अधिकारी गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।
निगम सभागार में आज बुधवार काे आयुक्त ने जोन कमिश्नरों, प्रभारी अधिकारियों और मैदानी अमले के साथ विभिन्न योजनाओं, नागरिक सुविधाओं, विकास एवं निर्माण कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था तथा शिकायत निवारण की बिंदुवार और जोनवार समीक्षा की।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक अंतर्गत निर्मित आवासों में हितग्राहियों के व्यवस्थापन की प्रगति पर विशेष फोकस किया गया। दादरखुर्द क्षेत्र में निर्मित एवं निर्माणाधीन 2784 आवासों के आबंटन, अधूरे कार्यों की पूर्ति, आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और एप्रोच रोड के संधारण के निर्देश दिए गए। बीएलसी घटक के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने और प्रतिदिन प्रगति की मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने सभी सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों का सुचारू संचालन, मरम्मत और मानक अनुसार सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएलआरएम सेंटरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने, अपशिष्ट का वैज्ञानिक प्रबंधन करने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में कसावट लाने और स्रोत पर कचरा पृथक्करण अनिवार्य रूप से लागू करने को कहा। उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और कमियों को तुरंत दूर किया जाए।
जनशिकायतों और टीएल प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कलेक्टर टीएल, जनदर्शन, निदान 1100 और शासन से प्राप्त पत्रों से जुड़े मामलों का संतोषजनक निराकरण निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान बताया गया कि किराया जमा नहीं करने पर बुधवारी बाजार और रविशंकर नगर क्षेत्र में 5 दुकानों को सील किया गया है। आयुक्त ने बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रखने और राजस्व वसूली लक्ष्य समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
विकास और निर्माण कार्यों की समीक्षा में जिला खनिज न्यास, अधोसंरचना, निगम, वित्त आयोग, मंत्री, विधायक, सांसद, महापौर और पार्षद मद सहित विभिन्न मदों के कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, उपायुक्त बी.पी. त्रिवेदी, लेखाधिकारी भवकांत नायक सहित सभी जोन कमिश्नर, अभियंता एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।