राजस्थान में बारिश–ओलों के बाद खुला आसमान, कई जिलों में घना कोहरा

जयपुर, 19 फ़रवरी । प्रदेश में दो दिन तक हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद गुरुवार को प्रदेश में मौसम साफ हो गया। हालांकि सुबह के समय कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोटपुतली-बहरोड़, अजमेर और कोटा सहित कई क्षेत्रों में विजिबिलिटी करीब 50 मीटर तक सिमट गई। कोटपूतली-बहरोड़ के ग्रामीण इलाकों में सुबह खेत घने कोहरे में ढके रहे।

बुधवार की बारिश के बाद गुरुवार सुबह भी कोहरा बना रहा। नेशनल हाईवे-48 और स्टेट हाईवे पर विजिबिलिटी कुछ स्थानों पर 10 मीटर तक रही। वाहन चालकों को फॉग लाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा। फाल्गुन माह में इस तरह का कोहरा मौसम विशेषज्ञों को भी हैरान कर रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार को कई जिलों में ओले गिरे, जिससे दिन के तापमान में 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई। पिछले 24 घंटों में जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा, सवाई माधोपुर, बूंदी, बांरा, झालावाड़, भीलवाड़ा, टौंक और चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में बारिश हुई।

जहां उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में ठंडक बनी रही, वहीं पश्चिमी हिस्सों में धूप के चलते हल्की गर्मी महसूस की गई। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस, जालोर में 31.7, चूरू में 31.3, जोधपुर में 30.2, फलोदी में 32.4 और पाली के जवाई क्षेत्र में 31 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म हो चुका है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा, दिन में अच्छी धूप निकलेगी और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं है।

राहत की खबर यह है कि अगले पांच दिन मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है।