पंचायतीराज चुनाव को लेकर जनसभा में 28 फरवरी काे बीकानेर आएंगे डाेटासरा

बीकानेर, 20 फ़रवरी । इसी साल 2026 में होने वाले आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने बताया कि 28 फरवरी को नोखा रोड, भीनासर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस जनसभा का उद्देश्य पंचायतीराज चुनावों में कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करना है। जनसभा में बड़ी संख्या में पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा मुख्य वक्ता के रूप में जनसभा को संबोधित करेंगे।

जिला महासचिव (संगठन) प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया किइसी सिलसिले में 22 फरवरी 2026, रविवार को सुबह 11:30 बजे रानी बाजार स्थित देहात कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) की मासिक बैठक भी आयोजित की जाएगी। यह बैठक अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में होगी। इस बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की रूपरेखा तैयार की जाएगी साथ ही 28 फरवरी को होने वाली जनसभा के संबंध में विचार विमर्श किया जायेगा।

मार्शल ने बताया कि इस जनसभा में जिले के लोकसभा प्रत्याशी, विधायक/विधायक प्रत्याशी, जिले के पूर्व जिला व उपजिला प्रमुखगण, प्रधान व उपप्रधानगण, जिला परिषद सदस्यगण, पंचायत समिति सदस्यगण, सरपंचगण, वरिष्ठ नेतागण, जिले में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारीगण, जिला कांग्रेस कमेटी पदाधिकारीगण, समस्त ब्लॉक अध्यक्षगण, मण्डल अध्यक्षगण, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, इंटक आदि अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों के अध्यक्षगण मय कार्यकारिणी, तथा कांग्रेस विचारधारा से जुड़े पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया हैं।