बांदा, 13 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया ई-रिक्शा बरामद कर लिया है।
कांशीराम कॉलोनी निवासी साकिब पुत्र अनीष ने नौ फरवरी की रात अपने घर के सामने खड़े ई-रिक्शा के चोरी होने की सूचना थाना कोतवाली नगर में दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने बताया कि 12 फरवरी 2026 की देर रात गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कनवारा बाईपास के पास से दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने ई-रिक्शा चोरी की घटना स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नौसाद पुत्र पप्पू निवासी खाईपार (हाल पता काशीराम कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, बांदा) एवं सुघर सिंह पुत्र रामकिशोर निवासी ग्राम बसहरी थाना मटौंध, बांदा के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।