‘3 इडियट्स’ और ‘मुन्ना भाई 3’ के सीक्वल को लेकर बोले राजकुमार हिरानी

आमिर खान स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि निर्देशक राजकुमार हिरानी इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर चुके हैं, लेकिन कलाकारों की ओर से कोई ठोस बयान सामने न आने के कारण फैंस असमंजस में थे। अब खुद राजकुमार हिरानी ने इन चर्चाओं पर विराम लगाते हुए साफ किया है कि दोनों ही लोकप्रिय फिल्मों के सीक्वल उनके दिमाग में जरूर हैं, लेकिन अभी शुरुआती चरण में हैं।

एक इंटरव्यू में हिरानी ने बताया कि वह इस समय ‘मुन्ना भाई’ और ‘3 इडियट्स’ दोनों फ्रेंचाइजी के आइडियाज पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘मुन्ना भाई 3’ के लिए उनके पास एक मजबूत विचार है, जिसे बड़े स्तर पर सोचा गया है, लेकिन कहानी का संतोषजनक अंत अभी तय नहीं हो पाया है। इसी वजह से स्क्रिप्ट पर काम जारी है।

‘3 इडियट्स’ के सीक्वल को लेकर हिरानी ने खुलासा किया कि हाल ही में अचानक उन्हें एक नया विचार आया, जिसके बाद इस पर चर्चा शुरू हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म अभी बनी नहीं है, बल्कि सिर्फ आइडिया स्टेज पर है। उनके पास फिलहाल 3–4 अलग-अलग स्क्रिप्ट्स और कॉन्सेप्ट्स हैं, जिनमें से यह तय किया जाएगा कि अगला प्रोजेक्ट कौन सा होगा।

राजकुमार हिरानी की पिछली फिल्म ‘डंकी’ (2023) थी, जिसमें शाहरुख खान मुख्य भूमिका में नजर आए थे। अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि हिरानी आखिर किस फिल्म को पहले लेकर आते हैं।

————–