अनूपपुर, 15 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक में 14 से 18 फरवरी तक आयोजित महाशिवरात्रि मेले का शुभारंभ 15 फरवरी रविवार को पूर्व जनपद अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा एवं उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिला। शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
मेले में उद्यानिकी, कृषि, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा आदिम जाति विभाग सहित अन्य शासकीय विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने नागरिकों को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा शैला करमा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिससे अतिथियों का पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
प्रशासन द्वारा मेले के सफल संचालन हेतु सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट, नगर परिषद अमरकंटक अध्यक्ष पार्वती सिंह, उपाध्यक्ष रज्जू नेताम, पार्षद रोशन पनाडिया, सांसद प्रतिनिधि विक्की द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।