चंडीगढ़, 18 फ़रवरी । हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने ऐलान किया है कि प्रदेश के खिलाडिय़ों को बहुत जल्द छह माह की लंबित डाइट मनी दी जाएगी। यह धनराशि करीब 33 करोड़ रुपये बनती है। विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों को खारिज करते हुए गौरव गौतम में स्पष्ट किया कि डाइट मनी का बजट छह-छह माह का मंजूर होता है। वर्तमान में बजट मंजूर हो चुका है। संभवत: प्रदेश के बजट से पहले यह राशि खिलाड़ियाें को दे दी जाएगी।खिलाडिय़ों को ऐसी ढांचागत सुविधाए देंगे, ताकि हमारे खिलाड़ी कामनवेल्थ और ओलिंपिक खेलों में पदकों की झड़ी लगा दें। बुधवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में खेल मंत्री ने बताया कि वर्तमान बुनियादी ढांचे के आधार पर सरकार से बजट की मांग की गई है। पिछले साल राज्य सरकार के बजट में खेल विभाग के लिए 589 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था। इस बार यह राशि दोगुनी होने की संभावना है। करीब 800 करोड़ रुपये अकेले खेलों के ढांचागत सुधार पर खर्च किए जाने का प्रस्ताव है।
केंद्र सरकार के बजट में इस बार खेल विभाग के बजट में 33 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। हरियाणा के खेल विभाग ने राज्य सरकार ने अपने बजट में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का आग्रह किया है।
गौरव गौतम ने बताया कि राज्य के खेल के मैदानों में पोल गिरने जैसी कोई घटना न हो सके और खेल के मैदानों से बढिय़ा खिलाड़ी निकल सकें। 31 मार्च तक राज्य में खेल ढांचा मजबूत करने की योजना है। इसके अलावा, राज्य के 42 खेल स्टेडियम ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जहां सुधार, निर्माण और मरम्मत की जरूरत है। खेल नर्सरियों को भी गांव-गांव तक खोलने की दिशा में काम करने के निर्देश गौरव गौतम ने दिए हैं।