हल्द्वानी, 10 फ़रवरी । मंगलवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आयुक्त सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराए। उन्होंने संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, धोखाधड़ी, अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, पेयजल संकट, और रोडवेज बस अड्डे पर जाम जैसी समस्याएं सामने आईं। काशीपुर से प्राप्त शिकायत में भूमि कानून उल्लंघन का मामला शामिल था। आयुक्त ने उपजिलाधिकारी को शीघ्र जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए और कहा कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।
हल्द्वानी रोडवेज बस अड्डा और कालूसिद्ध मंदिर क्षेत्र में जाम के मामले पर आयुक्त ने पुलिस विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग पर किसी भी निजी या रोडवेज बस द्वारा यात्रियों को नहीं बैठाया जाएगा, साथ ही कालूसिद्ध मंदिर क्षेत्र से ठेला-रेहड़ी हटाने के आदेश दिए।
रामनगर के मालधचौड़ क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य की गुणवत्ता जांच के लिए अधिशासी अभियंता लोनिवि को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में भूमि क्रय और लेन-देन से जुड़े मामलों में कई शिकायतकर्ताओं की धनराशि मौके पर ही वापस कराई गई, जिससे जनता ने संतोष व्यक्त किया।
बनभूलपुरा क्षेत्र में नालियों, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और विद्युत समस्याओं, और गांधीनगर में पैदल मार्ग, ड्रेनेज, भूमि विवाद व अतिक्रमण की शिकायतों पर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।